स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत चला स्वच्छता अभियान
स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत आरपीवाई बीएड कॉलेज में चला स्वच्छता अभियान
रमेश प्रसाद यादव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर में क्लासरूम, लैब्स, लाइब्रेरी, कार्यालय, खेल परिसर आदि जगहों की साफ-सफाई की गई। प्रशिक्षुओं एवं महाविद्यालय कर्मियों ने श्रमदान कर परिसर से कचरा, प्लास्टिक व अन्य गंदगी को हटाया तथा स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके अलावा उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने का शपथ भी लिया। अभियान का नेतृत्व आईक्यूएसी प्रभारी सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष कुमार पासवान ने किया। वहीं कार्यक्रम के दौरान लोगों को ई-वेस्ट के उचित निस्तारण और इससे पर्यावरण एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही ई-वेस्ट को इधर-उधर नहीं फेंकने और निर्धारित स्थान पर जमा करने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी सरकार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह के अभियान विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं में स्वच्छता, जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के साथ-साथ समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
अभियान के दौरान प्रशिक्षुओं ने आसपास के लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापकगण, शिक्षकेतर कर्मचारीगण सहित सत्र 2026-28 के प्रशिक्षु बड़ी संख्या में शामिल हुए। अभियान के माध्यम से सभी ने स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।