कॉलेज में मूल्य शिक्षा पर सेमिनार का आयोजन
आरपीवाई बीएड कॉलेज में मूल्य शिक्षा पर सेमिनार का आयोजन
रमेश प्रसाद यादव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, कोडरमा में सोमवार को महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वाशन प्रकोष्ठ के अंतर्गत "मूल्य शिक्षा" विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस मौके पर सेमिनार के पहले सत्र में डॉ. मनीष कुमार पासवान ने कहा कि मूल्य शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना नहीं बल्कि अच्छे चरित्र का निर्माण करना भी है।
दूसरे सत्र में डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि आज के बदलते समय में मूल्य शिक्षा की आवश्यकता और भी बढ़ गई है। इससे विद्यार्थियों में मानवीय संवेदनाएं, सहिष्णुता और सामाजिक समरसता की भावना विकसित होती है, जो एक बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी सरकार ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का विकास होना अत्यंत जरूरी है। मूल्य शिक्षा से ही विद्यार्थियों में आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा मिलती है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो पाता है। मंच संचालन सहायक प्राध्यापक मो. सेराज ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापक विनोद यादव ने किया। मौके पर सहायक प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं प्रशिक्षुगण उपस्थित रहे।