कॉलेज में मनाया गया डॉ भीमराव आंबेडकर जयंती
आरपीवाई बीएड कॉलेज में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मनाई गई
रमेश प्रसाद यादव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में सोमवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। जयंती कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर व दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम का विषय प्रवेश सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार ने किया, जबकि समन्वयक के रूप में सहायक प्राध्यापक विनोद यादव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी सरकार ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के शिल्पकार और महान समाज सुधारक थे। उन्होंने समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन हमें समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वहीं सहायक प्राध्यापक विनोद यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया था। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके बताए रास्ते पर चलते हुए शिक्षा, संगठन और संघर्ष के सिद्धांत को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करें।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रशिक्षु साहब अंसारी और पूजा कुमारी ने भी डॉ. अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
मौके पर शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण मौजूद रहे।