ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट राइटिंग पर कार्यशाला का स

ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट राइटिंग पर कार्यशाला का स

आर.पी.वाई. बीएड कॉलेज में ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट राइटिंग पर कार्यशाला आयोजित

 

आर.पी.वाई. शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, कोडरमा में महाविद्यालय के आईक्यूएसी के तत्वावधान में सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार के नेतृत्व में ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट राइटिंग विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित करने एवं दीप प्रज्वलित कर की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट राइटिंग का विशेष महत्व है। विद्यालय में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया, विद्यार्थियों के व्यवहार, कक्षा-कक्ष की गतिविधियों एवं शिक्षक के शिक्षण कौशल का व्यवस्थित अवलोकन कर उसका तथ्यात्मक एवं प्रभावी ढंग से लेखन करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि एक अच्छी ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट में अवलोकन के उद्देश्य, प्रक्रिया, प्रमुख बिंदुओं, प्राप्त तथ्यों एवं निष्कर्ष को स्पष्ट रूप से प्रस्तुत किया जाना चाहिए। इससे प्रशिक्षु शिक्षकों में विश्लेषणात्मक एवं लेखन क्षमता का विकास होता है।

वहीं प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी सरकार ने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण में केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक अनुभव को सही तरीके से दर्ज करना भी जरूरी है। ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट प्रशिक्षु शिक्षकों को अपने अनुभवों का विश्लेषण करने तथा शिक्षण प्रक्रिया की कमियों और बेहतर पक्षों को समझने में मदद करती है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से कार्यशाला में बताई गई तकनीकों को अपने प्रशिक्षण कार्य में अपनाने की अपील की।

कार्यशाला के दौरान ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया, रिपोर्ट की संरचना, विषय-वस्तु के चयन, तथ्यों के संकलन एवं निष्कर्ष लेखन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षुओं ने भी कार्यशाला में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विषय से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को रिपोर्ट लेखन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। मौके पर सहायक प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण एवं प्रशिक्षुगण मौजूद रहे।