अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस आयोजन
आरपीवाई बीएड कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
रमेश प्रसाद यादव शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय “जागरूक नारी, सशक्त समाज” रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडवोकेट सह पूर्व सदस्य झारखंड राज्य महिला आयोग किरण कुमारी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी सरकार ने मुख्य अतिथि किरण कुमारी को पौधा व शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
संगोष्ठी में सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार ने विषय प्रवेश कराया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि किरण कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की जागरूकता ही समाज की वास्तविक ताकत है। जब महिलाएँ अपने अधिकारों और कानूनों के प्रति जागरूक होती हैं, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन स्वतः देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए कई महत्वपूर्ण कानून बनाए गए हैं, जिनकी जानकारी हर महिला को होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम जैसे कई कानून महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। इसमें अमीषा, निक्की, रूबी, रिचा, पूजा, काजल और रानी सहित अन्य छात्राओं ने नाट्य, कविता, गीत और नृत्य की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मंच संचालन प्रशिक्षु रानी और पूजा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन सहायक प्राध्यापक क्षमा रानी महतो ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ मौजूद थे।